Saturday, November 26, 2011

पुलिस व निगम को क्यों नहीं दिखा अवैध निर्माण


नई दिल्ली, जागरण संवाददाता : चारों तरफ पर्दा लगाकर प्लाट में अवैध निर्माण हो रहा है और पुलिस व निगम कहें कि उन्हें दिखाई नहीं दिया तो यह चिंता का विषय है। यह टिप्पणी करते हुए कड़कड़डूमा कोर्ट के सिविल जज राजकुमार ने वेलकम थाना प्रभारी और नगर निगम शाहदरा उत्तरी जोन के उपायुक्त को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। दोनों संस्थाओं से दो दिसंबर तक अदालत में पेश होकर जवाब दाखिल करने को कहा गया है।
अधिवक्ता तेज सिंह चौहान ने बताया कि मोहम्मद शमीम ने छज्जूपुर में चाणक्य मार्ग पर प्लाट का टुकड़ा खरीदने से पहले नगर निगम अधिकारियों से पूछताछ की कि वह जिस प्लाट को खरीदना चाहता है, क्या उसका नक्शा पास हो जाएगा? निगम अधिकारियों ने कहा कि प्लाट टुकड़ों में होने के कारण उसका नक्शा पास नहीं होगा। कुछ दिन बाद मोहम्मद शमीम ने देखा कि जिस प्लाट को वह खरीदना चाहता है, उसके बराबर वाले प्लाट में चारों तरफ पर्दा लगाकर एक व्यक्ति द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था। उसने उक्त निर्माण कार्य के संबंध में निगम अधिकारियों को शिकायत की तो निगम अधिकारियों ने निर्माण कार्य को लेकर कुछ भी बताने से इनकार कर दिया और कहा कि उन्हें वहां पर कोई भी अवैध निर्माण दिखाई नहीं दे रहा। मोहम्मद शमीम ने उक्त जगह की फोटो कराई और मामले की शिकायत वेलकम थाना पुलिस से की, मगर पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। शमीम ने उक्त मामले में अदालत में याचिका दायर की। उसने अदालत के समक्ष अवैध निर्माण के फोटोग्राफ भी पेश किए।

1 comment: